तलाशी के बहाने महिला से छेड़खानी,दो मंगलसूत्र चोरी का आरोप
1 min read
रफ़्तार इंडिया न्यूज महराजगंज
जर्नलिस्ट्स गुरुचरण प्रजापति महराजगंज-
07/09/26मंगलवार
तलाशी के बहाने महिला से छेड़खानी,दो मंगलसूत्र चोरी का आरोप
शाहपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 6,600 रुपये और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी की बरामद
गोरखपुर। खुद को तलाशी लेने वाला बताकर महिला को रास्ते में रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि तलाशी के बहाने महिला से छेड़खानी करने के बाद उसके दो मंगलसूत्र चोरी कर लिए गए। इतना ही नहीं,आरोपी ने महिला से ऑनलाइन पांच हजार रुपये भी ले लिए। घटना के बाद धमकी देकर फरार हुए आरोपी को शाहपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 6,600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान विक्की बांसफोर पुत्र वीरेंद्र बांसफोर, निवासी जटेपुर उत्तरी हुमायूंपुर, थाना गोरखनाथ, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत धारा 74, 303(2), 318(4) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
तलाशी के नाम पर रोका-
पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त को महिला अपने काम से जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने खुद को तलाशी लेने वाला बताकर उसे रोक लिया। आरोप है कि तलाशी लेने के बहाने उसने महिला से छेड़खानी की और इसी दौरान उसके दो मंगलसूत्र चोरी कर लिए। इसके बाद एक मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन पांच हजार रुपये भी ले लिए। घटना किसी को बताने पर महिला को धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 6,600 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की।
कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध गोरखपुर और देवरिया के विभिन्न थानों में चोरी,लूट,मारपीट और धमकी समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कैंट,गोरखनाथ,कोतवाली गोरखपुर और सलेमपुर थाना,देवरिया में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामद नकदी को मुकदमे से संबंधित माल के रूप में दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रफ़्तार इंडिया न्यूज महराजगंज
