कोचिंग जा रहे 13 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार टिपर ने पीछे से रौंदा,मौत
1 min read
रफ़्तार इंडिया न्यूज गोरखपुर
जर्नलिस्ट गुरुचरण प्रजापति गोरखपुर
*17/09/26*गोरखपुर: कोचिंग जा रहे 13 वर्षीय छात्र को तेज रफ्तार टिपर ने पीछे से रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत
*गोरखपुर, गुलरिहा।* थाना क्षेत्र के फोरलेन पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र की जान चली गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे टिपर वाहन ने कोचिंग पढ़ने जा रहे छात्र को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 16 सितंबर 2026 को शाम लगभग 5 बजे की है। थाना गुलरिहा बाजार के निवासी जीवलाल प्रजापति पुत्र स्व. शिवनंदन ने थाने में तहरीर दी है कि उनका नाती आदित्य कुमार पुत्र राकेश कुमार उनके घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकला था। जैसे ही वह गुलरिहा नाहरपुर के पास फोरलेन पर पहुंचा, तभी वाहन संख्या *UP53GT9673* टिपर के अज्ञात चालक ने तेजी व लापरवाही से बिना हॉर्न दिए पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
परिजनों ने बताया कि आदित्य पढ़ने में होनहार था और रोजाना की तरह कोचिंग जा रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी गुलरिहा ने बताया कि प्रार्थी जीवलाल की तहरीर पर संबंधित वाहन संख्या UP53GT9673 के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने फोरलेन पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
गुलरिहा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही मौके पर पहुंचकर लड़के को पीएम की कार्यवाही किया गया साथ ही ग्रामीणों के भीड़ को शान्त कराते हुए उक्त मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है
रफ़्तार इंडिया न्यूज गोरखपुर
