मां के ब्रह्मभोज में चली गोली,छोटे भाई की मौत
1 min read
रफ़्तार इंडिया न्यूज गोरखपुर-
रिपोर्ट जर्नलिस्ट्स-गुरूचरन प्रजापति गोरखपुर-
09/06/2026 Tue-
मां के ब्रह्मभोज में बात-विवाद में चली गोली,छोटे भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत-
खर्च को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई पर हत्या का आरोप, सगाई के एक माह बाद उजड़ा घर-
गोरखपुर,संवाददाता। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खर्च को लेकर हुए झगड़े में बड़े भाई पर छोटे भाई की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।



जानकारी के अनुसार गांव निवासी सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) अपनी मां के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शामिल था। इसी दौरान कार्यक्रम के खर्च को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने कथित रूप से तमंचे से शुभम को गोली मार दी।
गोली लगते ही शुभम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि विवाद के दौरान मझले भाई ने भी गुस्से में मृतक की स्कूटी पर फावड़े से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार में चार भाई—दुर्गविजय,श्यामू, सोनू और सबसे छोटा शुभम—मिलकर मां के ब्रह्मभोज की तैयारियों में जुटे थे। मां के निधन के बाद शोक में डूबे परिवार में यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई की जान चली गई।
एक माह पहले हुई थी सगाई
मृतक शुभम की मई माह में सगाई हुई थी और फरवरी 2027 में उसकी शादी तय थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी मंगेतर भी गांव पहुंच गई। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
रफ़्तार इंडिया न्यूज गोरखपुर-
आरोपी बड़े भाई की तलाश में जुटी पुलिस।
