जनसमस्याओं को लेकर भाकियू के जिलाध्यक्ष ने नपं अधिकारी पनियरा को सौंपा ज्ञापन-
1 min read
रफ़्तार इंडिया न्यूज-महराजगंज-
रिपोर्ट-गुरुचरण प्रजापति महराजगंज-
महराजगंज:नगर पंचायत पनियरा की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। यूनियन के जिलाध्यक्ष रामअशीष के नेतृत्व में 08 अप्रैल 2026 को एक ज्ञापन नगर पंचायत प्रशासन को सौंपा गया,जिसमें जनहित से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत पनियरा में आम जनता से मकान शुल्क,जल शुल्क,सफाई शुल्क आदि के नाम पर ठेकेदारों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है,जिससे गरीब तबके के लोग परेशान हैं। इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
इसके अलावा बिजली उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने और अनावश्यक बिजली कटौती को लेकर भी नाराजगी जताई गई। यूनियन ने कहा कि इससे आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है,जिसे जल्द रोका जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवास योजना में पात्र गरीबों को लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि अपात्र लोगों को सरकारी आवास दिए जा रहे हैं। इसकी निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में जलभराव और इंटरलॉकिंग सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
राशन कार्ड से जुड़े मुद्दे पर भी यूनियन ने कहा कि कई पात्र लोगों के नाम काट दिए गए हैं,जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे मामलों की जांच कर पात्र परिवारों के राशन कार्ड पुनःजारी करने की मांग की गई।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ,तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
रफ़्तार इंडिया न्यूज-महराजगंज
