55 एकड़ ज़मीन के हक की लड़ाई में 48वें दिन पहुंचे,नेता आनंद निषाद
1 min read
रफ़्तार इंडिया न्यूज महराजगंज-
रिपोर्ट जर्नलिस्ट्स गुरुचरण प्रजापति महराजगंज-
28/जुलाई 26-Tue
55 एकड़ ज़मीन के हक की लड़ाई-48वें दिन धरने पर पहुंचे सपा नेता आनंद निषाद,दिया पूर्ण समर्थन-
महराजगंज। तहसील सदर के पनियरा ब्लॉक स्थित तेन्दुअहिया गांव में 55 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। भूमिहीन 37 दलित परिवारों का सत्याग्रह मंगलवार को 48वें दिन में प्रवेश कर गया। धूप और गर्मी की परवाह किए बिना भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले डटे पीड़ितों को अब समाजवादी पार्टी का भी खुला समर्थन मिल गया है।


धरने के 48वें दिन सपा के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा पनियरा से नेता आनंद निषाद आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन किया और प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरी।
“गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा”
आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए आनंद निषाद ने कहा कि सरकार द्वारा आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवंटित की गई 55 एकड़ कृषि भूमि को रातों-रात कागजी हेरफेर करके छीन लेना घोर अन्याय है। उन्होंने कहा कि गरीब और दलित परिवारों के साथ यह भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सपा नेता ने घोषणा की कि वे इस मामले के सभी दस्तावेज लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ गोरखपुर मंडलायुक्त से मुलाकात करेंगे और पीड़ितों को उनका वाजिब हक दिलाकर ही दम लेंगे।
2009 में कागजों पर छीनी गई जमीन-
मामला पनियरा ब्लॉक के तेन्दुअहिया गांव का है। यहां प्रदेश सरकार ने 37 भूमिहीन दलित परिवारों को 55 एकड़ जमीन का वैध पट्टा दिया था। वर्षों की मेहनत से बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने वाले इन परिवारों का आरोप है कि वर्ष 2009 में बिना किसी सूचना या नोटिस के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके पट्टे रद्द कर दिए गए।
जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग-
भाकियू के जिलाध्यक्ष राम अशीष ने कहा कि डीएम महराजगंज द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट महीनों बीत जाने के बाद भी सार्वजनिक नहीं की गई है। इससे साफ है कि तंत्र अपनी गलतियों को छिपाने का प्रयास कर रहा है।
धरने पर बैठे मुराली प्रसाद,रामवृक्ष,सालिक प्रसाद,महेंद्र, राजेंद्र,चुन्नीलाल,त्रिवेनी,सोना देवी,सिंधु देवी,रेशमा देवी, प्रभावती देवी और राजेंद्र पासवान सहित दर्जनों किसानों ने कहा कि जब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर पट्टे बहाल नहीं किए जाते,आंदोलन जारी रहेगा।
रफ़्तार इंडिया न्यूज महराजगंज-
