90 मीटर तिरंगे के साथ निकली प्रभात फेरी,वंदे मातरम् से गूंज उठा चौराहा
1 min read
90 मीटर तिरंगे के साथ निकली प्रभात फेरी, वंदे मातरम् से गूंज उठा चौराहा।
पनियरा (महराजगंज)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनडीएस इंटरनेशनल स्कूल देवीपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संदेश दिया। विद्यालय के नौनिहालों ने 90 मीटर लंबे तिरंगे के साथ करीब पांच किलोमीटर तक प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे बच्चों के बीच देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे रास्ते भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
प्रभात फेरी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल रहे।




बच्चे अनुशासनबद्ध तरीके से तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। चौराहे और बाजार क्षेत्र में पहुंचने पर देशभक्ति के नारों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति में रंग गया।
विद्यालय के डायरेक्टर अभिषेक सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र के सम्मान,गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। देश और तिरंगे की आन-बान-शान के लिए देश के अनगिनत वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आजादी हमें उनके बलिदानों के कारण मिली है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है, ताकि बच्चे देश के प्रति अपने दायित्व को समझें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस प्रभात फेरी में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। 90 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम ने लोगों को देश की एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
रफ्तार इंडिया न्यूज महराजगंज-
